home page

फर्जी ट्रांजेक्शन रसीद दिखाकर करा लिया प्लॉट का बैनामा, रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू

 | 
फर्जी ट्रांजेक्शन रसीद दिखाकर करा लिया प्लॉट का बैनामा, रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू


मुरादाबाद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नागफनी के दीवान खाना किसरौल निवासी नजीरउद्दीन ने तीन लोगों पर उसके खाते में पांच लाख रुपये के ट्रांजेक्शन की फर्जी रशीद बनाकर जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया है। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने रविवार को रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रविवार को पीड़ित ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी तस्लीम जहां के नाम जयंतीपुर में एक प्लॉट है। मुगलपुरा के पीरगैब निवासी नासिर खान और रामपुर के टांडा निवासी मुस्लिम ने 19 लाख रुपये में प्लॉट का सौदा तय किया था। चार अगस्त को नासिर खान और मुस्लिम ने पांच लाख रुपये की ट्रांजेक्शन की फर्जी रसीद बनवा ली और बताया कि उसके खाते में ट्रांसफर करा दिए हैं। इसके बाद पांच अगस्त को रामगंगा विहार स्थित रजिस्ट्री दफ्तर में बैनामा करा दिया, जिसमें नासिर खान और मुस्लिम खरीदार बने और ताहिर को गवाह बनाया गया।

सिविल लाइन सर्किल के क्षेत्राधिकारी भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में नासिर खान, मुस्लिम और ताहिर के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश, धमकी देने समेत अन्य धाराओं में आज रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल