नवहट्टा में 42 लीटर देशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त
सहरसा, 23 नवंबर (हि.स.)। जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वाहन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने 42 लीटर देशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई है। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि 22 नवंबर रविवार को वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोका गया और तलाशी में उनके पास से 42 लीटर देशी शराब बरामद हुई।
महिषी के रहने वाले हैं गिरफ्तार युवक
गिरफ्तार आरोपितों में मिथुन पासवान और विशाल कुमार शामिल है। दोनों महिषी थाना क्षेत्र के पस्तवार गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने मौके से शराब के साथ बाइक को भी जब्त कर लिया है और दोनों आरोपितों के खिलाफ नवहट्टा थाना कांड संख्या 260/26 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीन दिनों में 105 लीटर से अधिक शराब बरामद
थानाध्यक्ष के अनुसार, क्षेत्र में पुलिस की सख्ती और नियमित जांच के कारण तस्करों पर दबाव बना हुआ है। बीते तीन दिनों के भीतर नवहट्टा पुलिस द्वारा करीब 105 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद की जा चुकी है और इससे जुड़े कारोबारियों को पकड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

