सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर एसपी की बैठक, सख्त गाइडलाइन जारी
सहरसा, 20 नवंबर (हि.स.)। स्थानीय विकास भवन सभागार में शहर सहरसा के आभूषण दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को लेकर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला की अध्यक्षता में ज्वेलर्स एवं सर्राफा के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आभूषण दुकानों में चोरी और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए कई महत्वपूर्ण सुरक्षा निर्देश दिए गए। बैठक में सदर डीएसपी पंकज कुमार सिंह प्रमुख रूप से मौजूद थे। वैसे सदर डीएसपी द्वारा धनतेरस के पहले भी आभूषण दुकानों व विक्रेताओं की सुरक्षा को लेकर बैठक हुई थी।
बैठक में सभी दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाने, उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने और समय-समय पर जांच करने को कहा गया। आपात स्थिति में पुलिस को सूचना देने के लिए अलार्म सिस्टम लगाने तथा बड़ी आभूषण दुकानों में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा दुकानों के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक्सेस कंट्रोल, सोने-चांदी के आभूषणों के लिए मजबूत तिजोरी तथा दुकान खुलने और बंद होने के समय विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। नकदी एवं कीमती सामान के परिवहन में भी सावधानी रखने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने ज्वेलर्स से संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने, आपातकालीन पुलिस संपर्क नंबर दुकान में प्रदर्शित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा डायल 112 पर देने की अपील की। साथ ही सभी दुकानदारों को पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

