home page

नशा मुक्त कोशी अभियान में एक सप्ताह में 92 गिरफ्तार

 | 
नशा मुक्त कोशी अभियान में एक सप्ताह में 92 गिरफ्तार


नशा मुक्त कोशी अभियान में एक सप्ताह में 92 गिरफ्तार


सहरसा, 14 नवंबर (हि.स.)। कोशी क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा जिले में चलाए जा रहे 'नशा मुक्त कोशी' अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। अभियान के अंतर्गत विगत एक सप्ताह (7 से 13 नवंबर) में पुलिस ने 1367.435 लीटर अवैध शराब, 1296 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप, 16.425 किलोग्राम गांजा और 51.12 ग्राम स्मैक बरामद किया है। इस दौरान अवैध शराब के मामले में 81 तथा सूखा नशा के मामले में 11 सहित कुल 92 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक कोशी क्षेत्र डॉ. कुमार आशीष के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान नशीले पदार्थों के साथ 18 एमएल नशीला इंजेक्शन, 15 मोटरसाइकिल, दो तीनपहिया एवं दो चारपहिया वाहन, एक साइकिल, दो मोबाइल, दो डिजिटल तराजू तथा 1,04,210 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा अवैध कारोबार में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।

अब तक 2809 तस्कर गिरफ्तार

अभियान की शुरुआत फरवरी 2026 से अब तक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 87,417.733 लीटर अवैध शराब, 5,762.491 लीटर अवैध कफ सिरप, 8,271.219 किलोग्राम गांजा और 9,443.102 ग्राम स्मैक बरामद किया है। इसके अलावा 13,220 एमएल नशीला इंजेक्शन, 325 नशीली टैबलेट, हथियार, कारतूस, वाहन, मोबाइल और अन्य सामान जब्त किए गए हैं। इस दौरान कुल 2809 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने 66,96,202 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा भी बरामद की है।

हेल्पलाइन पर सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने आम लोगों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9060384865 जारी किया गया है। इस नंबर पर कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप के माध्यम से नशे के अवैध कारोबार की सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। सूचना के साथ तस्कर का नाम, पता, कारोबार का स्थान तथा संभव हो तो फोटो और वीडियो भी भेजे जा सकते हैं। महत्वपूर्ण सूचना देने वालों को पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा।

इसी क्रम में 13 नवंबर को सहरसा सदर थाना क्षेत्र के सहरसा बस्ती स्थित बीजीपीएस स्कूल में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, आम लोग और महिलाएं शामिल हुईं। पुलिस प्रशासन ने आमजनों से नशे के खिलाफ अभियान में भागीदार बनने और नशा कारोबारियों की सूचना देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी