लूटने को कुछ नहीं मिला तो नाबालिगों ने चाकू घोंपकर मार डाला
नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। स्कूटी चुराकर लौट रहे नाबालिगों ने सड़क पर एक व्यक्ति को लूटपाट के इरादे से रोका। मगर जब व्यक्ति के पास नकदी या अन्य कोई कीमती सामान नहीं मिला तो चाकू घोंपकर उसे मार डाला। घटना के बाद वह फरार हो गए। वारदात रविवार सुबह सागरपुर इलाके में हुई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल 10 व 14 वर्षीय दो नाबालिगों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से चोरी की दो स्कूटी बरामद हुई है। मुख्य आरोपित नाबालिग अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
दक्षिण पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि रविवार सुबह 6.20 बजे सागरपुर पुलिस को नसीरपुर रोड पर एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तो वहां खून से लथपथ व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। उसकी छाती के बाईं ओर चाकू या किसी धारदार हथियार से वार का निशान था। क्राइम सीन को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया। खून के नमूने व अन्य साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक की पहचान सुनील उर्फ पप्पी (45) के रूप में हुई। उसका कोई ठिकाना नहीं था। वह सडक़ों पर घूमकर अपना गुजारा करता था।
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दो नाबालिग उसमें नजर आए। इस आधार पर 10 साल के नाबालिग को पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर 14 वर्षीय अन्य नाबालिग को पकड़ा गया। दोनों ने बताया कि उनके एक नाबालिग साथी ने 27 जून की रात डाबड़ी इलाके से स्कूटी चोरी की थी। इसके बाद वह तीनों उस स्कूटी पर सवार होकर पालम डाबड़ी रोड की ओर गए। जहां वह एक सीसीटीवी में कैद हो गए।
इसके बाद तीनों सुभाष नगर इलाके में गए। डाबड़ी से उन्होंने एक और स्कूटी चोरी की। वापस लौटते समय उनके नाबालिग साथी की नजर सुनील उर्फ पप्पी पर पड़ी। वह उसके साथ लूटपाट करना चाहता था। मगर, जब सुनील के पास कुछ नहीं मिला तो जाते समय उसने सुनील को चाकू मार दिया। वारदात के बाद तीनों द्वारका इलाके की ओर भाग गए। पुलिस को आशंका है कि आरोपितों ने वहां वारदात में इस्तेमाल चाकू ठिकाने लगाया होगा। पुलिस ने पकड़े गए नाबालिगों से चोरी की स्कूटी बरामद कर ली हैं। फरार नाबालिग को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

