सागरः कार और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत, होने वाली दुल्हन गंभीर घायल
सागर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में शनिवार शाम एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवती जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। यह हादसा गढ़ाकोटा रोड पर बहेरिया थाना परिसर के ठीक सामने हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार और बाइक के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि तेज रफ्तार बाइक सवार उछलकर थाने की बाउंड्रीवॉल और रेलिंग तोड़ते हुए सीधे परिसर के अंदर जा गिरे। दुर्घटना के तुरंत बाद कार भी अनियंत्रित होकर थाने की रेलिंग से टकरा गई।
जानकारी अनुसार, हादसे की जोरदार आवाज सुनते ही बहेरिया थाने में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत बाहर आए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवती का इलाज जारी है।
प्राथमिक जांच और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पीड़ितों की पहचान की है।
रामचरण अहिरवार | 28 वर्ष | बरायठा | मृत
सुनील अहिरवार | 23 वर्ष | बराज | मृत
खुशबू अहिरवार | 20 वर्ष | बम्होरी बीका | गंभीर रूप से घायल
अस्पताल में उपचाराधीन घायल युवती खुशबू ने बताया कि मृतक सुनील से उसकी शादी तय हो चुकी थी। दुर्घटना के वक्त वे तीनों बाइक से कहां जा रहे थे, इसकी सटीक जानकारी परिजनों के आने के बाद ही साफ हो सकेगी।
दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार अमित यादव और उनके एक अन्य साथी को हादसे में मामूली चोटें आई हैं और वे सुरक्षित हैं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी का बयान: कार और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है और एक युवती घायल है। मृतक किस काम से कहां जा रहे थे, इसकी जांच की जा रही है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। — शशिकांत गुर्जर, थाना प्रभारी (बहेरिया)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

