सागर में 48 घंटे में सुलझी हत्या की गुत्थी, पैसों के विवाद में कुल्हाड़ी से की थी हत्या
सागर, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक हत्या के मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, एक अगस्त को नए बस स्टैंड के सामने स्थित खाली मैदान में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान महेंद्र अहिरवार (35) निवासी किशोर न्यायालय बस्ती, सागर के रूप में हुई। मृतक के भाई सुरेंद्र अहिरवार की शिकायत पर अज्ञात आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल से मिले भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा मुखबिर तंत्र से प्राप्त सूचनाओं का विश्लेषण किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर तिली निवासी सीताराम पटैल को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने महेंद्र अहिरवार की हत्या करना स्वीकार किया। उसने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन कहासुनी के दौरान गुस्से में उसने कुल्हाड़ी से हमला कर महेंद्र की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। आरोपित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, इस मामले के शीघ्र खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर, उपनिरीक्षक सुरेंद्र, प्रधान आरक्षक लखन, कपिल, सतीश बेन, मोहन मुरारी, सौरभ रैकवार तथा अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

