सागर: बेटे के सामने पिता की बेरहमी से हत्या, मां पर भी कटर से हमला
सागर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पुरव्याऊ स्थित गणेश मंदिर के पास एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही चाचा पर कटर से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई चाची को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक चंद्रलेश चौरसिया (50 वर्ष) नगर निगम के वाहन विभाग में मस्टरकर्मी थे और घर पर ही पत्नी के साथ मिलकर समोसे का व्यवसाय करते थे। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:30 बजे उनका रिश्ते में लगने वाला भतीजा, जो महज दो घर दूर रहता है, अपने 4-5 साथियों के साथ घर में घुस आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले उनके बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते आरोपियों ने कटर निकालकर चंद्रलेश पर हमला कर दिया।
वारदात के समय चंद्रलेश का 12 वर्षीय बेटा घर में ही मौजूद था। अपनी आंखों के सामने पिता पर होता हमला देख वह चीखने लगा। जब मां शशि प्रेम बाई चौरसिया पति को बचाने दौड़ीं, तो आरोपियों ने उन पर भी कटर से कई वार किए। शोर सुनकर जब तक पड़ोसी और राहगीर मौके पर पहुंचे, हमलावर फरार हो चुके थे। लहूलुहान हालत में दंपति को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रलेश को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बीएमसी रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि आरोपी को शक था कि उसका चाचा और चाची उस पर 'टोना-टोटका' करते हैं। हालांकि, परिजनों ने संपत्ति विवाद की आशंका भी जताई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमले में शामिल कुछ युवक 'कटरबाज' गिरोह से जुड़े हो सकते हैं और उनमें से कुछ नाबालिग (अपचारी) भी हो सकते हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
मामले को लेकर सागर के सीएसपी ललित कश्यप का कहना है कि कोतवाली क्षेत्र में हत्या का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 4-5 युवक मौके से भागते देखे गए हैं। फिलहाल हत्या के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

