सागर-गढ़ाकोटा रोड पर कार-बाइक की टक्कर में दो की मौत; तीन गंभीर घायल
सागर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में शुक्रवार देर रात सानौधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ाकोटा रोड पर भीषण सड़क हादसा हो गया। आबचंद गुफा के पास पुराई की तलाई इलाके में तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। वहीं, अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर पलट गई। टक्कर के कारण पेड़ भी जड़ से उखड़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे में कार सवार रोहित पटेल पुत्र सरनाम पटेल, निवासी आजाद वार्ड, गढ़ाकोटा और बाइक सवार शीतल पाठक, निवासी दमोह की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में महेंद्र सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया गया है कि कार सवार बरपानी से गढ़ाकोटा की ओर जा रहे थे, जबकि बाइक सवार दमोह की तरफ से आ रहे थे। पुराई की तलाई के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सानौधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाने और यातायात सुचारू करने के लिए पुलिस को जेसीबी बुलानी पड़ी। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
सानौधा थाना प्रभारी उपमा सिंह ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही सहित अन्य संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

