home page

सागर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, पांच दुकानों का निरीक्षण, तीन प्रकरण दर्ज

 | 
सागर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, पांच दुकानों का निरीक्षण, तीन प्रकरण दर्ज


सागर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष अभियान चलाया। आयुक्त आबकारी के निर्देश पर विभाग और संभागीय उड़नदस्ता दल की संयुक्त टीम ने जिले में कार्रवाई करते हुए पांच मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों के उल्लंघन पर तीन न्यायालयीन प्रकरण दर्ज किए गए।

अभियान के तहत टीम ने मदिरा दुकानों में शराब के स्टॉक, रजिस्टर और गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान संदेह होने पर दो दुकानों से शराब के नमूने लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता की पुष्टि और मिलावट की जांच के लिए रासायनिक परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की विभिन्न धाराओं के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिले के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर आकस्मिक दबिश दी गई। मार्गों से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की भी सघन तलाशी ली गई।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों और आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब के अवैध निर्माण, बिक्री और परिवहन के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे