home page

सागरः पड़ोसी महिला ने युवती पर कुल्हाड़ी से किया हमला

 | 
सागरः पड़ोसी महिला ने युवती पर कुल्हाड़ी से किया हमला


सागर, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सोमला में बुधवार को आपसी विवाद के बाद एक महिला ने अपनी 21 वर्षीय पड़ोसन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में युवती के सिर पर गंभीर चोट आई है और उसे नाजुक हालत में इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती सोना कुर्मी के पिता दिव्यांग हैं। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली महिला अक्सर उनके पिता की शारीरिक स्थिति को लेकर तंज कसती और ताने मारती रहती थी। घटना के दिन जब सोना ने इस व्यवहार का विरोध किया और महिला को ऐसा करने से मना किया, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी महिला ने गुस्से में आकर सोना के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया।

घटना के तुरंत बाद परिजन लहू-लुहान हालत में सोना को लेकर शिकायत दर्ज कराने और मदद मांगने मोतीनगर थाने पहुँचे। पीड़िता की माँ ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सुबह लगभग 8 बजे जब वे थाने पहुँचे, तो वहाँ एक भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था और पूरा थाना परिसर खाली पड़ा था। परिजन का कहना है कि सिर से खून बहने के कारण घायल युवती करीब आधे घंटे तक थाने के अंदर दर्द से तड़पती रही, लेकिन मदद के लिए कोई सामने नहीं आया। काफी देर बाद पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुँचे और मामले को संज्ञान में लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई और मामले की जाँच शुरू कर दी है। इसके साथ ही थाने में पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति के आरोपों को लेकर भी जाँच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे