सागर : राजघाट रोड पर युवक की हत्या, झाड़ियों में मिला शव
सागर, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में राजघाट रोड पर नए बस स्टैंड के सामने स्थित एक खाली प्लॉट की झाड़ियों में रविवार को एक लगभग 35 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों द्वारा शव देखे जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। मृतक की शिनाख्त महेंद्र अहिरवार (पिता देवी अहिरवार, उम्र 35 वर्ष), निवासी किशोर न्यायालय के पास वाली बस्ती के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
फॉरेंसिक और शुरुआती जांच के दौरान मृतक के सिर और गले पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। इसके अतिरिक्त, घटनास्थल से करीब 50 फीट की दूरी पर मृतक की स्कूटी लावारिस हालत में पड़ी मिली। पुलिस को झाड़ियों के आसपास से शराब के क्वार्टर और पाउच भी बरामद हुए हैं। सामग्री और परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि शनिवार रात यहां कुछ लोगों के बीच शराब पार्टी चल रही थी, जिस दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मारपीट में युवक की जान ले ली गई।
मामले की जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला लग रहा है। मृतक महेंद्र शनिवार शाम को अपने घर से निकला था और देर रात तक वापस नहीं लौटा। रविवार को उसका शव झाड़ियों में पाया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

