सागर में घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर पति फरार
सागर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र के गेंहूरास चौराहा में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गेंहूरास चौराहा निवासी 45 वर्षीय मनोहर सेन सैलून संचालक है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह शराब के नशे का आदी था और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। शुक्रवार देर रात उसकी पत्नी रश्मि सेन (40) से किसी बात पर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान मनोहर ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी पर कई वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल रश्मि सेन लहूलुहान होकर घर में ही गिर पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। सूचना मिलने पर जैसीनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय दंपती के चारों बच्चे भी घर में मौजूद थे। अचानक हुए इस हमले से बच्चे घबरा गए और उनके शोर मचाने पर पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली। वारदात के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू विवाद सामने आई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
जैसीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

