सागर : बकरी चराने के विवाद में पिता-पुत्र की हत्या, दो महिलाएं घायल
सागर, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में राहतगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कठौंदा फाजलपुर में सोमवार देर शाम बकरी चराने को लेकर उपजा मामूली विवाद दोहरी हत्या में बदल गया। लंबे समय से चले आ रहे ज़मीनी विवाद के बीच बकरियों के खेत में घुसने पर चार लोगों ने पिता-पुत्र पर धारदार हथियारों और लाठियों से हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में दोनों की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष की दो महिलाएं भी घायल हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, बाबूलाल आदिवासी और खेमचंद अहिरवार के परिवारों के बीच पट्टे की सरकारी जमीन को लेकर काफी समय से तनातनी चल रही थी। सोमवार देर शाम 65 वर्षीय पूरन आदिवासी और उनके 45 वर्षीय बेटे बाबूलाल आदिवासी खेत के पास मवेशी व बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान कुछ बकरियां भटककर खेमचंद के खेत में चली गईं। बकरियां खेत में घुसते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि खेमचंद अहिरवार के परिवार के चार लोगों ने कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से पूरन और बाबूलाल पर हमला बोल दिया।
चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, तो आरोपी वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो गए। परिजन गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को बाइक पर लादकर तुरंत राहतगढ़ अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस हिंसक झड़प के दौरान दूसरे पक्ष की सीमा अहिरवार और उनकी बेटी पूजा अहिरवार भी घायल हुई हैं। दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही राहतगढ़ थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

