सागर : पैराडाइज होटल के सामने युवक की पीट-पीटकर हत्या, 16 सेकंड में लोहे की रॉड से किए 14 वार
सागर, 27 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पैराडाइज होटल के सामने सार्वजनिक स्थल पर एक 28 वर्षीय युवक की लोहे की रॉड (पाइप) से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज के अनुसार, हमलावर की हैवानियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने महज 16 सेकंड के अंदर पीड़ित के सिर और चेहरे पर 14 से अधिक घातक वार किए। जब युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, तब भी हमलावर रुका नहीं और उस पर लगातार हमला करता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने की बचाने की कोशिश
घटना के समय मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बीच-बचाव कर आरोपी को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन वह सिर पर खून सवार होने के कारण हमला करता रहा। आखिरकार एक अन्य व्यक्ति ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पीछे से पकड़ा और खींचकर पीड़ित से अलग किया, जिसके बाद आरोपी मौका देखकर वहां से फरार होने में कामयाब रहा।
घटना की सूचना मिलते ही मकरोनिया पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में पड़े युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मानस नगर निवासी 28 वर्षीय अंकित पटेल (पिता रामलाल पटेल) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वारदात से ठीक पहले पैराडाइज होटल के पास अंकित का दो अन्य युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बहस के दौरान बात इतनी बढ़ी कि एक युवक ने अचानक लोहे का भारी पाइप निकाला और अंकित के सिर पर हमला कर दिया।
मकरोनिया थाना पुलिस ने घटनास्थल को सील कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज को आधिकारिक कब्जे में ले लिया है। हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के दुकानदारों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

