सागर: बीएमसी में भर्ती मासूम के साथ दुष्कर्म का आरोप, आरोपी मरीज की तलाश तेज
सागर, 08 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में शुक्रवार को एक तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की घटना सामने आने से सनसनी फैल गई है। आरोप अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती एक मरीज पर लगा है। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया गया है कि मासूम बच्ची अपने परिजनों के साथ मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल वार्ड में भर्ती थी। इसी दौरान वह वार्ड के पास बने बाथरूम में गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद एक मरीज ने बच्ची के साथ गलत हरकत की। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
परिजनों के अनुसार कुछ देर बाद बच्ची रोते हुए अपनी मां के पास पहुंची और इशारों में घटना की जानकारी दी। बच्ची की बात सुनते ही परिवार के लोग स्तब्ध रह गए और उन्होंने तत्काल अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी। मामला सामने आते ही मेडिकल कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
सागर सीएसपी ललित कुमार कश्यप ने बताया कि बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है तथा उसकी तलाश जारी है।
घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

