सागरः हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत
सागर, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में बांदरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर स्थित यादव ढाबे के पास रविवार को तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई गई। इस हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर सागर की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर यादव ढाबे के पास सड़क किनारे पिछले दो दिनों से खड़े एक ट्रक से उनकी बाइक की सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही बांदरी थाना पुलिस बिना वक्त गंवाए दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बाबू अहिरवार पुत्र पंचम अहिरवार, निवासी- ग्राम सेवन और चतुर अहिरवार पुत्र दरयाब अहिरवार, निवासी- सेमरा लहरिया, नरयावली के रूप में हुई। दुर्घटना में शामिल वाहनों की भी पहचान हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। ट्रक के संबंध में भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

