करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से किसान की मौत, शव रखकर घंटों सड़क जाम
बक्सर, 02 सितंबर (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र के सिंडिकेट इलाके में बुधवार की सुबह सड़क पर गिरे करंट प्रवाहित बिजली तार की चपेट में आने से 60 वर्षीय किसान की मौत हो गई।
मृतक की पहचान बुधनपुरवा मोहल्ला, वार्ड संख्या 34 निवासी फुलेश्वर यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
बताया जाता है कि फुलेश्वर यादव सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान सिंडिकेट इलाके में सड़क पर बिजली का तार गिरा हुआ था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। तार की चपेट में आते ही किसान गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सिंडिकेट नहर के समीप शव को सड़क पर रखकर घंटों जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और क्षेत्र में जर्जर बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर तार और बिजली व्यवस्था के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है।
सड़क जाम की सूचना पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद लोगों का आक्रोश कुछ शांत हुआ और घंटों बाद सड़क से जाम हटाया गया।
स्थानीय लोगों ने जर्जर बिजली तार और पोल को तत्काल बदलने तथा पूरे इलाके की विद्युत व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

