home page

महू-नीमच मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रॉले की चपेट में आई बाइक, तीन छात्रों की मौत

 | 
महू-नीमच मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रॉले की चपेट में आई बाइक, तीन छात्रों की मौत


महू-नीमच मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रॉले की चपेट में आई बाइक, तीन छात्रों की मौत


पीथमपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर में महू-नीमच मार्ग पर महेंद्र ब्रिज के पास गुरुवार दोपहर हुए सड़क हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई। स्कूल से लौट रहे बच्चों की बाइक को तेज रफ्तार ट्रॉले ने टक्कर मार दी। मृतकों में दो सगे भाई प्रियांश और मोक्ष तथा उनकी मौसेरी बहन आरुषि शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीथमपुर के सेक्टर नंबर-1 थाना पुलिस के मुताबिक, कक्षा नौवीं में पढ़ने वाला प्रियांश बाइक क्रमांक एमपी-40-एमएल-4037 से अपने भाई मोक्ष और मौसेरी बहन आरुषि को लेकर सेंट फ्रांसिस स्कूल से लौट रहा था। इसी दौरान महू-नीमच मार्ग पर महेंद्र ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रॉले ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि तीनों बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सड़क पर बिखरी कॉपियां और स्कूल बैग

हादसे के बाद घटनास्थल पर बच्चों की कॉपियां, किताबें और स्कूल बैग बिखर गए। दुर्घटना का दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो उठे। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर शासकीय अस्पताल पहुंचाया।

ट्रॉला चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। सेक्टर नंबर-1 थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और संबंधित आपराधिक धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi