झाबुआ: माही नहर पुलिया से 20 फीट नीचे गिरी बाइक, दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
झाबुआ, 7 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के पेटलावद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक नंदर माता मंदिर में दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर माही नहर की पुलिया से करीब 20 फीट नीचे जा गिरी।
पुलिस के अनुसार यह हादसा रूपगढ़-गोपालपुरा मार्ग स्थित माही नहर पुलिया पर हुआ। दुर्घटना में विदेश गुंडिया और अरुण भाबर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विष्णु गुंडिया गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए झाबुआ जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक खवासा क्षेत्र के ग्राम करईपाड़ा निवासी थे। वे सोमवार दोपहर नंदर माता मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे और देर रात घर लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गए। सुनसान मार्ग और अंधेरा होने के कारण हादसे की जानकारी किसी को नहीं लग सकी, जिससे तीनों पूरी रात पुलिया के नीचे ही पड़े रहे।
परिजनों ने बताया कि जब युवक देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश शुरू की गई। मंगलवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों की नजर पुलिया के नीचे पड़े युवकों पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर तीनों को पेटलावद सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बाइक के अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिरने की आशंका जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

