home page

बालू माफियाओं के हमले में खनन इंस्पेक्टर सहित चार घायल

 | 
बालू माफियाओं के हमले में खनन इंस्पेक्टर सहित चार घायल


नवादा, 10 नवंबर (हि.स.)। जिले में अवैध बालू खनन के कारोबार में लगे माफियाओं का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। बालू चोरी रोकने पहुंची खनन विभाग की टीम पर मंगलवार को गोविंदपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव के समीप बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। इस दौरान खनन इंस्पेक्टर अमन कुमार समेत चार कर्मी जख्मी हो गए।

घायलों में दो होमगार्ड भी शामिल है।नवादा में बालू माफियाओं ने खनन टीम पर किया हमला: की खबर के बाद इलाके में भारत अफ्रीका माहौल कायम है। इंस्पेक्टर समेत 2 कर्मी और 2 होमगार्ड जवान जख्मी हो गए। एक ट्रैक्टर पकड़ा गया है।

जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव के समीप नदी से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से बालू निकाले जाने की सूचना खनन विभाग को मिली थी। सूचना के सत्यापन और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इसी दौरान टीम ने देखा कि दो ट्रैक्टरों पर बालू लादकर कुछ लोग वहां से भागने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों ने ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया तो बालू के अवैध कारोबार में शामिल लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।

देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपितों ने खनन टीम पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले में खनन इंस्पेक्टर अमन कुमार सहित टीम के चार सदस्य घायल हो गए। इनमें दो होमगार्ड जवान भी शामिल हैं। हमलावरों के इस आक्रामक रुख के कारण खनन विभाग की टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर को जब्त करने में सफलता मिली।

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मामले को लेकर गोविंदपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद बालू माफिया कार्रवाई का विरोध करने से बाज नहीं आ रहे हैं। सरकारी कर्मियों पर हमला किए जाने की इस घटना ने अवैध बालू कारोबार में शामिल लोगों के बढ़ते मनोबल और प्रशासनिक कार्रवाई के समक्ष उत्पन्न चुनौती को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन