मारपीट में घायल महिला की मौत पर परिजनाें का कोतवाली में हंगामा
हमीरपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली क्षेत्र स्थित बसेला गांव में दस दिन पहले दो पक्षों में मारपीट हुई थी। मारपीट की इस घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। महिला का झांसी में इलाज चल रहा था, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मंगलवार को परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने महिला के शव को कोतवाली में रखकर जमकर हंगामा काटा। केातवाली में महिला का शव रखे जाने से पुलिस कर्मियों के हाथ पैर फूल गए। परिजनों ने आरोपिताें पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की।
बसेला गांव निवासी नरेंद्र ने बातया कि बीते 31 अक्टूबर को गांव के तालाब में उनकी मां फूलादेवी ने कचरा डाल दिया था। आरोप था कि तालाब के ठेकेदार राजू अहिरवार से विवाद हो गया। नरेंद्र ने आरोप लगाया कि राजू ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर राजू, सुरेंद्र, हिमांशु, आवेश और राकेश के बेटे अजय ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उसे और उनकी मां को जमकर पीटा। मारपीट के दौरान फूलादेवी के सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। फूलादेवी की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर किया गया। जहां सोमवार की सुबह फूलारानी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को परिजन और सैकड़ों ग्रामीण शव लेकर कोतवाली पहुंचे।
सीओ राजीव प्रताप सिंह ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाने की कोशिश की। लेकिन परिजन हत्या का केस दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। सीओ राजीव प्रताप सिंह ने मंगलवार को शाम बताया कि मामले में पहले ही मारपीट का केस दर्ज किया जा चुका है। मामले की जांच की जा रही है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जायेगी। पुलिस ने घटना से जुडे आरोपिताें को हिरासत में ले लिया है।------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

