home page

जबलपुर में अवैध मुरूम परिवहन का खुलासा, डम्फर चालक गिरफ्तार

 | 
जबलपुर में अवैध मुरूम परिवहन का खुलासा, डम्फर चालक गिरफ्तार


जबलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में अवैध खनन और खनिजों के चोरी-छिपे परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरगी पुलिस ने मुरूम से भरा एक डम्फर जब्त किया है। पुलिस ने मौके से चालक को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि चालक बिना रॉयल्टी और वैध दस्तावेजों के गौर क्षेत्र की मुरूम खदान से खनिज भरकर भेड़ाघाट में बेचने जा रहा था।

बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे के मुताबिक सोमवार को पुलिस टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम मंगेली स्थित श्रमोदय स्कूल के पास गौर से तिलवारा की ओर आ रहा सफेद-आसमानी रंग का डम्फर दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम आशीष चौधरी, निवासी ग्राम निगरी बताया।

डम्फर में भरी मुरूम के संबंध में चालक से रॉयल्टी और परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने डम्फर क्रमांक MP 20 HB 6884 का मालिक भूपेन्द्र यादव होना बताया। साथ ही खुलासा किया कि वाहन मालिक के कहने पर गौर क्षेत्र की मुरूम खदान से मुरूम भरकर भेड़ाघाट में बेचने ले जा रहा था।

पुलिस ने अवैध रूप से मुरूम का उत्खनन और परिवहन किए जाने का मामला सामने आने पर चालक आशीष चौधरी के कब्जे से डम्फर सहित उसमें भरी मुरूम जब्त कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5), 3(5), खनिज अधिनियम की धारा 18(1), गौण खनिज अधिनियम की धारा 53 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं 77/177 और 130(3)/177 के तहत कार्रवाई की है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक आलोक कुमार सिंह और आरक्षक दारा सिंह की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब इस मामले में डम्फर मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक