सोलन आर.एल.ए घोटाला प्रकरण में 6 आरोपी गिरफ्तार हुए, बड़े खुल्लासे होने की संभावना
सोलन, 04 अप्रैल (हि.स.)। सोलन में आर.एल.ए. से जुड़े घोटाले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है । पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे मामले में एक बड़े संगठित साइबर नेटवर्क को चलाया जा रहा था और करोड़ों रुपए का लेन देन इसमें हुआ है। मामले की जांच अभी चल रही है और आने वाले दिनों में बड़े खुल्लासे होने की संभावना भी है ।
पुलिस अधीक्षक सोलन साई दत्तात्रेय वार्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जितेन्द्र ठाकुर (41), अनिल कुमार (42), राज कुमार उर्फ सन्नी (39), जितेन्द्र कुमार (34), नरेश कुमार (43) और विकास सिंह उर्फ शालू (27) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसपी सोलन ने कहा कि यह मामला 26 जनवरी 2026 को उस समय सामने आया जब क्षेत्रीय परिवहन एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण (आरएलए) सोलन की अधिकारी डॉ. पूनम बंसल द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के माध्यम से एक शिकायत दर्ज करवाई गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ वाणिज्यिक वाहनों के पंजीकरण, भार क्षमता में संशोधन तथा स्वामित्व हस्तांतरण में गंभीर अनियमितताएं की गई हैं ।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आर.एल.ए सोलन कार्यालय में कार्यरत क्लर्क जितेन्द्र ठाकुर की आधिकारिक पहचान के अलावा जीतेंहा और डा.पूनम नाम से फर्जी उपयोगकर्ता पहचान बनाई गई थीं। इनका इस्तेमाल कर वाहन सत्यापन और अनुमोदन की प्रक्रिया को अवैध रूप से पूरा किया गया।तकनीकी जांच जिसमें इंटरनेट प्रोटोकॉल अभिलेख, एक बार उपयोग होने वाले पासवर्ड (ओटीपी) अभिलेख तथा कॉल विवरण अभिलेख का विश्लेषण शामिल था । जिसके आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी आर.एल.ए झंडूता में कार्यरत क्लर्क गौरव भारद्वाज है। आरोपी ने सोलन आर.एल.ए के प्रशासकीय लॉगिन विवरण का दुरुपयोग कर पोर्टल में अवैध प्रवेश किया और फर्जी पहचान बनाकर प्रणाली को प्रभावित किया ।
पुलिस अधीक्षक साई दत्तात्रेय वार्मा ने बताया कि आरोपी गौरव भारद्वाज ने इस अवैध कार्य के लिए एजेंटों का एक नेटवर्क तैयार किया हुआ था। इन एजेंटों के माध्यम से वाहन मालिकों से अवैध धन वसूला जाता था और बदले में वाहनों के दस्तावेजों में हेराफेरी की जाती थी। इसमें भार क्षमता बढ़ाना, स्वामी क्रम संख्या बदलना, ऋणाधिकार हटाना और बिना प्रक्रिया के स्वामित्व हस्तांतरण करना शामिल था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

