त्रिवेणीगंज में आरटीआई कार्यकर्ता गजेंद्र कुमार यादव पर जानलेवा हमला
सुपौल, 26 नवंबर (हि.स.)। जिले के नगर परिषद त्रिवेणीगंज में आरटीआई कार्यकर्ता एवं जन सुराज के नेता गजेंद्र कुमार यादव पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल गजेंद्र कुमार यादव जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब एक बजे लगभग 15 की संख्या में आए हमलावरों ने कथित तौर पर गजेंद्र कुमार यादव को उनके घर से जबरन उठा लिया। इसके बाद उन पर फरसा, लाठी से हमला किया गया। हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जाता है कि गजेंद्र कुमार यादव नगर परिषद त्रिवेणीगंज में सड़क निर्माण योजनाओं में कथित कमीशनखोरी और घटिया निर्माण कार्यों के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे। उन्होंने सड़क निर्माण योजनाओं में 23 प्रतिशत कमीशन लिए जाने का आरोप लगाया था। इसके अलावा नगर परिषद की चेयरमैन की नागरिकता को लेकर भी सवाल उठाए थे। इन मुद्दों को लेकर उन्हें लगातार विरोध का सामना करना पड़ रहा था।
आशंका जताई जा रही है कि भ्रष्टाचार एवं कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन पर हमला किया गया हो सकता है। हालांकि, हमले के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना को लेकर प्रशासन से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, हमले में शामिल सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा घायल गजेंद्र कुमार यादव और उनके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है। जिससे वे जख्मी होकर इलाजरत है। आवेदन मिलने पर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

