home page

आरएसएस प्रचारक से कथित मारपीट के मामले में सात पुलिसकर्मियों पर एफआईआर, छह निलंबित

 | 
आरएसएस प्रचारक से कथित मारपीट के मामले में सात पुलिसकर्मियों पर एफआईआर, छह निलंबित


जयपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर ग्रामीण के नरैना थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सांभर जिला प्रचारक कृष्ण अवतार के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के मामले में सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है, जबकि थाना प्रभारी उमराव सिंह के निलंबन के लिए पुलिस महानिदेशक को अनुशंसा भेजी गई है। मामले की जांच दूदू के वृत्ताधिकारी अनुपम मिश्रा को सौंपी गई है। घायल प्रचारक को उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया है।

संघ के नरैना खंड कार्यवाह अनुराग आगीवाल की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे पैदल जा रहे जिला प्रचारक कृष्ण अवतार को गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने रोककर पूछताछ की। इस दौरान कहासुनी के बाद उन्हें थाने ले जाया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि थाने में उनके साथ मारपीट की गई और आरएसएस तथा उनके परिवार को लेकर अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणियां की गईं। शिकायत के मुताबिक मारपीट के दौरान प्रचारक की तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि पुलिसकर्मी उन्हें एक स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां उन्हें इंजेक्शन लगाया गया। होश आने के बाद फिर मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। बाद में उनकी हालत को देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी मिलने पर रविवार सुबह आरएसएस के स्वयंसेवक नरैना थाने पहुंचे। बाद में भाजपा और संघ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी वहां जुट गए। जयपुर भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर, पूर्व विधायक निर्मल कुमावत और चौमूं के पूर्व विधायक रामलाल शर्मा सहित कई नेताओं ने थाने पहुंचकर विरोध जताया।

प्रदर्शनकारियों ने थाना परिसर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पूरे थाने के पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग भी उठाई। सांभर वृत्ताधिकारी मुकेश जोशी ने मौके पर पहुंचकर संबंधित पक्षों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस मामले में थाना प्रभारी उमराव सिंह, सहायक थाना प्रभारी ओंकार सिंह, रमेशचंद तथा कांस्टेबल कुलदीप, महिपाल, विनोद और अजय के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद के अनुसार, ओंकार सिंह, रमेशचंद, कुलदीप, महिपाल, विनोद और अजय को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जयपुर ग्रामीण जिला पुलिस लाइन रहेगा। थाना प्रभारी के निलंबन के लिए पुलिस महानिदेशक को अनुशंसा भेजी गई है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच दूदू के वृत्ताधिकारी अनुपम मिश्रा कर रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश