पुलिस ने संदिग्ध नकदी, कार व मोबाइल किए जब्त
डूंगरपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। पंचायतीराज चुनाव 2026 के मद्देनजर जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में जिला विशेष टीम और ओबरी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुजरात नंबर की एक संदिग्ध क्रेटा कार से हवाला कारोबार से जुड़े 4 लाख 10 हजार रुपए की नकदी बरामद की है। वहीं, मामले में एक व्यक्ति को डिटेन कर पूछताछ और अग्रिम कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए जिला विशेष टीम गठित की गई है। टीम को बुधवार को चुनाव आचार संहिता के दौरान संदिग्ध नकदी के अवैध परिवहन की सूचना मिली। इस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी शुरू की। इसी दौरान गुजरात नंबर की एक संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकवाने का प्रयास किया तो चालक राहुल पाटीदार निवासी जोगपुर, थाना चितरी ने तेज गति से वाहन निकालकर भागने की कोशिश की। इस पर टीम ने पीछा किया और ओबरी थाना पुलिस की सहायता से विराट गांव के पास कार को रुकवा लिया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें रखे काले रंग के पॉलीथिन बैग से नकदी के नौ बंडल बरामद हुए। नोटों की गिनती और जांच करने पर कुल 4 लाख 10 हजार रुपए मिले। बरामद राशि में 500, 200 और 100 रुपए के नोट शामिल थे। पुलिस को राशि के किसी अपराध या हवाला से संबंधित होने की आशंका होने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 106 के तहत नियमानुसार जब्त किया गया। साथ ही नकदी रखने के लिए इस्तेमाल किए गए बैग को सील किया गया। वहीं, घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए। पुलिस अब नकदी के स्रोत, परिवहन के उद्देश्य और संभावित आपराधिक संबंधों की जांच करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

