home page

जांजगीर-चांपा में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 32 लाख की ठगी, पंजाब से एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
जांजगीर-चांपा में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 32 लाख की ठगी, पंजाब से एक आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 27 सितम्बर (हि. स.)। जिले में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 32 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने पंजाब से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आराेपित काे आज रविवार काे न्यायालय में पेशकर रिमांड पर भेज दिया गया है।

आरोपित की पहचान शरणप्रीत सिंह उर्फ सन्नी सिंह (27), निवासी ग्राम बल्लोवाल, थाना जोधा, जिला लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज, आधार कार्ड और अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार जांजगीर निवासी तुषारकर देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपिताें ने पहले टेलीकॉम अथॉरिटी का अधिकारी बनकर उनके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में होने की बात कही। इसके बाद सीबीआई और पुलिस अधिकारी बनकर फोन किया गया और उन्हें डिजिटल अरेस्ट करने का डर दिखाया गया। बुजुर्ग होने के कारण वे आरोपिताें के झांसे में आ गए। आरोपिताें ने पुलिस से सेटिंग कराने के नाम पर उनसे करीब 32 लाख रुपये ठग लिए। अलग-अलग मोबाइल नंबरों से पुलिस, सीबीआई और टेलीकॉम अथॉरिटी के अधिकारी बनकर कॉल किए गए। बाद में सभी नंबर बंद होने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।

मामले में अपराध क्रमांक 649/2025 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच में रकम इक्विटास बैंक के खाते में जाना पाया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम पंजाब पहुंची और शरणप्रीत सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक आरोपित ने अपराध स्वीकार किया और अपने खाते में रकम प्राप्त करना बताया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर रविवार काे न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने बताया कि साइबर जागृति अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले दो माह में साइबर ठगी के 17 आरोपिताें और उनसे जुड़े लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

जांजगीर पुलिस ने अपील की है कि कानून में ‘डिजिटल अरेस्ट’ नाम की कोई प्रक्रिया नहीं है। कोई भी व्यक्ति पुलिस, सीबीआई या अन्य अधिकारी बनकर मनी लॉन्ड्रिंग अथवा किसी अन्य मामले में गिरफ्तारी का डर दिखाकर पैसे मांगे तो झांसे में न आएं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT