home page

रंगदारी मामले में हिस्ट्रीशीटर सावन गौतम पर 25 हजार का इनाम घोषित

 | 
रंगदारी मामले में हिस्ट्रीशीटर सावन गौतम पर 25 हजार का इनाम घोषित


जौनपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में पुलिस ने रंगदारी के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर संदीप गौतम उर्फ सावन गौतम की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने सोमवार को इनाम की घोषणा की।

पुलिस के अनुसार सावन गौतम के खिलाफ मड़ियाहूं थाने में हथियार दिखाकर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(5) और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

शिकायतकर्ता शिवकुमार यादव के अनुसार 15 सितंबर की रात कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली थी। आरोप है कि इस दौरान सावन गौतम ने हथियार दिखाकर रुपये की मांग की और खुद को ‘सावन दादा’ बताते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस के मुताबिक सावन गौतम मड़ियाहूं थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ थाने में विभिन्न मामलों के कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपी के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव