लखनऊ में व्यापारी से 01 करोड़ 50 लाख रुपये की सुनियोजित लूट का खुलासा, पांच गिरफ्तार
लखनऊ, 06 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना पुलिस ने गुजरात के कारोबारी से हुई करोड़ों की लूट का खुलासा शुक्रवार को कर दिया है। आरोपितों के पास से 01 करोड़ 23 लाख रुपये समेत अन्य चीजें मिली है। इस मामले में पांच आरोपित पकड़े गये। इनमें वह अभियुक्त भी शामिल है, जिसने खुद को लूट का शिकार बताया था।
प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र राय ने बताया कि गुजरात का रहने वाला प्रग्नेश कुमार ने 24 अक्टूबर को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि अपने मालिक के रुपये लेकर वह कार से लखनऊ आया था। आशियाना के औरंगाबाद अंडरपास के पास दो मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने उससे रुपये लूट लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच की भी मदद ली और अलग-अलग पुलिस की टीमें जांच में जुट गई।
सूचना पाकर पुलिस ने औरंगाबाद अंडरपास के पास से मैनपुरी निवासी सुमित यादव और सत्यम को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के कब्जे से लूट की धनराशि में से 59 लाख रुपये, एक स्वर्ण मुद्रा, मोबाइल फोन एवं दो मोटरसाइकिलें बरामद की है। इनमें मोटरसाइकिलों में एक हीरो स्प्लेंडर प्लस घटना में प्रयुक्त तथा दूसरी पल्सर मोटरसाइकिल लूट की धनराशि से खरीदी गई थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों से की गई पूछताछ एवं विवेचनात्मक कार्रवाई में यह तथ्य प्रकाश में आया कि उक्त लूट की घटना सुनियोजित षड्यंत्र के तहत अंजाम दी गई थी। घटना में अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी प्रकाश में आई, जिनमें फिरोजाबाद निवासी चिराग सिंह यादव की योजना एवं षड्यंत्र में भूमिका सामने आई। जानकारी के आधार पर लखनऊ पुलिस की एक टीम ने गुजरात प्रांत में दबिश देकर गुजरात निवासी जय कुमार पटेल, यश कुमार और प्रग्रनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उन तीनों के कब्जे से लूट की धनराशि में से 64 लाख रुपये एवं घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटी गई 01 करोड़ 23 लाख रुपये की धनराशि बरामद की है। लूट की धनराशि से खरीदा गया एक आईफोन एवं एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

