बहन से शादी कराने का झांसा देकर हड़पा 13 लाख रुपये, गिरफ्तार
गोरखपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले की शाहपुर पुलिस ने धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़पने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त पर अपनी बहन की शादी कराने की बात कहकर वादी से 13 लाख रुपये लेने तथा रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, थाना शाहपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 14/2025 की विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर अभियुक्त कुमार अभिनन्दन पुत्र स्वर्गीय संजय कुमार सिंह, निवासी मोती टोला, थाना आरा नगर, जिला भोजपुर को गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 352 एवं 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज है।
शादी की बात कहकर लिए 13 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने वादी से अपनी बहन की शादी कराने की बात कही और इस आधार पर उससे कुल 13 लाख रुपये ले लिए। बाद में जब वादी ने अपनी रकम वापस मांगी तो अभियुक्त द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद वादी की तहरीर पर शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शाहपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक चन्द्रभान सिंह, कांस्टेबल शिवानन्द राय तथा महिला कांस्टेबल शशि तिवारी शामिल रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

