home page

स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, महिला समेत पांच गिरफ्तार

 | 
स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, महिला समेत पांच गिरफ्तार


दरभंगा, 25 सितंबर (हि.स.)।

दरभंगा जिला अंतर्गत बिरौल अनुमंडल में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में सूखे नशे (स्मैक) के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष छापामारी अभियान में बिरौल थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने तीन दिनों के भीतर एक महिला समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

प्रेसवार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने बताया कि 18 सितंबर 2026 को बिरौल स्थित एयरटेल टावर परिसर से 1.68 ग्राम स्मैक बरामद किया गया था। इस मामले में लाला पटेल और कामनी देवी को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसी कांड के नामजद फरार आरोपित दीपू कमती को अनुसंधानकर्ता पीएसआई सूरज कुमार ने 20 सितंबर को गिरफ्तार किया।

एसडीपीओ के अनुसार, पूछताछ में दीपू कमती ने पुलिस को बताया कि वह सहरसा जिले के जलई थाना क्षेत्र के बधवा गांव निवासी निर्मल यादव से स्मैक खरीदकर बिरौल में बेचने के लिए लाया था।

इसके बाद अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार एवं राजीव कुमार के नेतृत्व में की गई छापेमारी में चारपहिया वाहन (पंजीयन संख्या BR 09 AB 6389) के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 4.600 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए), 25 एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ में गिरफ्तार शुभम कुमार मिश्र ने भी सहरसा के बधवा गांव निवासी निर्मल यादव से स्मैक खरीदने की बात स्वीकार की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra