आरपीएफ ने चोरी के माल के साथ दो आरोपितों को किया गिरफ्तार
देवरिया, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में ऑपरेशन रेल सुरक्षा अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट देवरिया सदर टीम ने रेल संपत्ति चोरी के मामले में गुरुवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक चोरी करने वाला (करियर) और दूसरा सामान खरीदने वाला (रिसीवर) शामिल है।
आरपीएफ प्रभारी आस मोहम्मद ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति जंगल पिपरा (थाना रुद्रपुर) के पास स्थित कबाड़ी की दुकान पर रेलवे का सामान बेचने जा रहा है। इस सूचना पर उन्होंने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर प्लास्टिक की बोरी में भारी सामान लेकर जाते एक व्यक्ति, कबाड़ी की दुकान पर पहुंचा और उसे बेचने लगा। जांच में पाया गया कि वह सामान रेलवे लाइन में प्रयुक्त होने वाले पेंड्राल क्लिप थे। दुकानदार ने उक्त सामान खरीदकर दुकान के अंदर रखवा दिया और आरोपी को पैसे दे दिए, तभी पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया और पूछताछ की।
आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपित किशुन प्रसाद (62) निवासी सरहसब नवका थाना रुद्रपुर और मोहन गुप्ता (70) निवासी बारा थाना रुद्रपुर हैं। इनमें मोहन गुप्ता रिसीवर की भूमिका में था। इनके कब्जे से 445 पेंड्राल क्लिप, 15 प्लेट स्क्रू, 215 मेटल लाइनर, 5 जागल प्लेट व 1 CST-9 प्लेट बरामद की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 36,335 रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपितों पर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट देवरिया सदर में धारा 3 रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में
उपनिरीक्षक सूरज प्रसाद यादव, उपनिरीक्षक संजय कुमार मिश्रा व अन्य कर्मी शामिल रहें।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

