home page

आरपीएफ ने तीन तस्करों को साढ़े तीन किलो चरस के साथ किया गिरफ्तार

 | 
आरपीएफ ने तीन तस्करों को साढ़े तीन किलो चरस के साथ किया गिरफ्तार


सीवान, 18 मार्च (हि.स.)। सीवान जंक्शन पोस्ट की आरपीएफ ने मंगलवार की रात्रि लगभग साढ़े नौ बजे सीवान जंक्शन के प्लेटफार्म दो एवं तीन से तीन तस्करों को साढ़े तीन किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया।बरामद चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 87.5 लाख से पौने दो करोड़ रुपए तक बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान अरविन्द मिश्रा उर्फ छोटे मिश्रा (42), अंसार अली (54) और मनोज मुसहर (32) के रूप में हुई, जो सभी सीवान जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। तीनों ने पूछताछ में चरस को ट्रेन से मुरादाबाद ले जाकर बेचने की योजना स्वीकार की।

बताया जाता है कि प्रभारी निरीक्षक सुभाष चन्द्र यादव के नेतृत्व में आरपीएफ टीम स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म के पश्चिमी छोर पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तीनों आपस में बातचीत करते हुए वहां से भागने का प्रयास करने लगे।संदेह होने पर टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके पास मौजूद जूट के थैले की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान थैले से सात बंडल में पैक मादक पदार्थ चरस बरामद हुआ।विधिक प्रक्रिया के तहत कार्यपालक दंडाधिकारी की उपस्थिति में बरामद चरस का वजन कराया गया, जो कुल 3 किलो 500 ग्राम पाया गया। इसके अलावा आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और कुल 10,770 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

आरपीएफ ने जब्त मादक पदार्थ, नकदी और मोबाइल को सील कर जब्ती सूची तैयार की तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना सीवान को सौंप दिया है।घटना की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma