home page

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लैपटॉप चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 11 लैपटॉप बरामद

 | 
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लैपटॉप चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 11 लैपटॉप बरामद


नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), दिल्ली मंडल ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लैपटॉप चोरी के मामले में एक संदिग्ध आरोपी को चोरी के लैपटॉप सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर निर्माण विहार स्थित एक दुकान से 11 लैपटॉप बरामद किए गए हैं। इनमें से तीन लैपटॉप संबंधित ई-एफआईआर में दर्ज चोरी की संपत्ति से मेल खाते पाए गए।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने सोमवार को बताया कि ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से लैपटॉप बैग चोरी होने संबंधी कई शिकायतें रेल मदद एवं 139 हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त हुई थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ, दिल्ली मंडल ने संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया।

उन्होंने बताया कि टीमों ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का लगातार और गहन विश्लेषण किया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई और उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। 20 सितंबर को आरपीएफ की टीम ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज पर उक्त संदिग्ध को एक लैपटॉप बैग के साथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शादाब पुत्र शमशाद (लगभग 25 वर्ष), निवासी ग्राम/पोस्ट/थाना मुंडाली, जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को बरामद संपत्ति के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में ई-एफआईआर संख्या 80079767/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 303(2)/317/2 में कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर लैपटॉप चोरी की करीब 12 से 15 घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी दी। उसने बताया कि चोरी किए गए लैपटॉप निर्माण विहार स्थित सिल्वर इंपेक्ट शॉप में बेचे गए थे। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दुकान पर कार्रवाई करते हुए कुल 11 लैपटॉप बरामद किए।

बरामद लैपटॉप के सीरियल नंबर और उपलब्ध संपत्ति विवरण के सत्यापन में तीन लैपटॉप संबंधित ई-एफआईआर में दर्ज संपत्ति से मेल खाते पाए गए। वहीं, शेष आठ लैपटॉप को दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 103 के तहत, जहां लागू हो, कब्जे में लिया गया है। इन लैपटॉप के स्वामित्व और अन्य मामलों से संबंध की पुष्टि के लिए जांच एवं सत्यापन जारी है।

उल्लेखनीय है कि यह कार्रवाई रेल मदद एवं 139 के माध्यम से प्राप्त यात्री शिकायतों के विश्लेषण, सीसीटीवी निगरानी, सूचना संकलन और आरपीएफ की समन्वित कार्रवाई के आधार पर की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी की गिरफ्तारी के साथ चोरी के 11 लैपटॉप बरामद किए गए हैं।

दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने कार्रवाई में शामिल आरपीएफ अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आरपीएफ ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने मूल्यवान सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रति सतर्क रहने तथा चोरी या किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना रेल मदद एवं 139 अथवा निकटतम आरपीएफ एवं जीआरपी कर्मियों को देने की अपील की।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी