आरपीएफ व उत्पाद विभाग ने दो महिला शराब तस्करों को दबोचा, भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद
सीवान, 23 अप्रैल (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को दरौंदा रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान के दौरान दो महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त, छपरा के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 15028 गोरखपुर-सम्बलपुर मौर्या एक्सप्रेस के कोच संख्या S3 में दरौंदा स्टेशन पर अपराध गतिविधियों की निगरानी के दौरान टीम ने संदिग्ध स्थिति में दो महिलाओं को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास रखे प्लास्टिक के झोलों से विदेशी शराब बरामद हुई।
जब्त शराब में 36 बोतल किंगफिशर और 10 बोतल ऑफिसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की शामिल हैं। कुल 19.800 लीटर शराब की कीमत लगभग 6,340 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रिंकी देवी (37), पति राजेश महतो तथा सनीचरी देवी (40), पति अशोक साह, दोनों निवासी पेठिया बांध, थाना नगर, जिला समस्तीपुर के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई के बाद दोनों आरोपितों एवं जब्त शराब को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, सीवान को सुपुर्द कर दिया गया।
इस अभियान में आरपीएफ पोस्ट सीवान के कांस्टेबल नीरज पांडेय, चौकी दरौंदा के कांस्टेबल रामजी यादव, उत्पाद विभाग के सउनि सत्येंद्र राय एवं महिला कांस्टेबल संजीता कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

