home page

मालगोदाम से चोरी हुई 60 बोरी सीमेंट बरामद, दो गिरफ्तार

 | 
मालगोदाम से चोरी हुई 60 बोरी सीमेंट बरामद, दो गिरफ्तार


मालगोदाम से चोरी हुई 60 बोरी सीमेंट बरामद, दो गिरफ्तार


सीवान, 14 मई (हि.स.)। सीवान मालगोदाम साइडिंग से चोरी हुई 60 बोरी प्रिज्म सीमेंट के मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की पूरी खेप तथा घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 08/09 मई 2026 की रात करीब 12 बजे से सुबह 4 बजे के बीच सीवान मालगोदाम साइडिंग से कुल 60 बोरी प्रिज्म सीमेंट चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में 12 मई को रियान वेंचर्स प्रा. लि. सीवान के प्रतिनिधि नवल किशोर शर्मा द्वारा रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, सीवान में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि प्रिज्म कंपनी का सीमेंट रैक आरआर नंबर 242004381 एवं 242004382 के माध्यम से मालगोदाम लाइन संख्या-03 पर पहुंचा था। कर्मचारियों द्वारा सभी वैगनों की सील जांचने के बाद सीमेंट की अनलोडिंग कर साइडिंग पर डंप किया गया था.बाद में ट्रकों से कंपनी गोदाम भेजने के दौरान मिलान में 60 बोरी सीमेंट कम पाई गई। चोरी गए सीमेंट की कीमत लगभग 20 हजार 400 रुपये आंकी गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच उप निरीक्षक जयेंद्र कुमार मिश्र द्वारा की जा रही थी।

इसी क्रम में गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए सीवान मालगोदाम के पूर्वी छोर के उत्तर मेन रोड के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चोरी की 60 बोरी प्रिज्म सीमेंट लदे ट्रैक्टर संख्या बीआर-29-जीबी-1549 को जब्त कर लिया गया। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सोनू कुमार, निवासी मालचक थाना बेलछी जिला पटना तथा संजय गोंड, निवासी सिसवन ढाला टावर के पास वार्ड-39 थाना नगर, जिला सीवान के रूप में हुई है।

आरपीएफ ने दोनों आरोपितों के खिलाफ रेलवे संपत्ति अधिनियम की धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के बाद मालगोदाम क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोहों पर भी जांच तेज कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma