रोहतास के नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी की पीट-पीटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
रोहतास, 02 अगस्त (हि.स.)। बिहार के रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की अपराधियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुई। घटना के बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार शनिवार को डेहरी स्थित ललन सिंह स्पोर्टिंग क्लब में आयोजित 'एक शाम शहीदों के नाम' कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सरकारी वाहन से पटना जा रहे थे। देर रात जब उनकी गाड़ी बारुण थाना क्षेत्र के धनौती पुल के समीप पहुंची, तभी घात लगाए अपराधियों ने वाहन का पीछा किया। कुछ दूरी तक ओवरटेक करने के बाद बदमाशों ने चालक की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर वाहन रुकवा लिया। इसके बाद अपराधियों ने विमल कुमार पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान चालक मौके से भाग गया। बाद में उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है, ताकि घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल विमल कुमार को डेहरी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा, सासाराम की एसडीएम नेहा कुमारी, डेहरी के एसडीएम निलेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया।
रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे कार्यपालक पदाधिकारी के घायल होने की सूचना मिली थी। उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मेडिकल टीम की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है। चूंकि घटना औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में हुई है, इसलिए औरंगाबाद तथा रोहतास पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

