home page

स्वतंत्रता दिवस से पहले रोहिणी में ऑपरेशन शस्त्र तेज, 41 केस दर्ज, 52 पकड़े

 | 
स्वतंत्रता दिवस से पहले रोहिणी में ऑपरेशन शस्त्र तेज, 41 केस दर्ज, 52 पकड़े


नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रोहिणी जिला पुलिस ने बदमाशों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ ऑपरेशन शस्त्र तेज कर दिया है। विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग थानों और यूनिट में 41 मामले दर्ज कर 52 लोगों को पकड़ा। इनमें आर्म्स एक्ट के 20 मामलों में 20 आरोपित शामिल हैं। पुलिस ने 15 अवैध पिस्तौल, 26 जिंदा कारतूस, तीन खाली मैगजीन और नौ बटनदार चाकू बरामद किए हैं। एक चोरी की स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ सड़क अपराध, अवैध हथियारों की सप्लाई और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाना है। डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल के नेतृत्व में सभी थानों और विशेष यूनिट की टीमों ने संदिग्ध स्थानों पर गश्त, चेकिंग, छापेमारी और निगरानी बढ़ाई।

पुलिस अधिकारी के अनुसार अवैध हथियारों के अलावा पुलिस ने एक्साइज एक्ट के नौ मामलों में 10 लोगों को पकड़ा। इनके पास से 18,153 क्वार्टर अवैध शराब, एक कार और दो टेंपो बरामद हुए। जुआ अधिनियम के आठ मामलों में 16 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। वहीं एनडीपीएस एक्ट के चार मामलों में छह लोगों को पकड़ा गया और 779 ग्राम हेरोइन व 15.701 किलो गांजा बरामद किया गया।

आर्म्स एक्ट की कार्रवाई में कई पुराने अपराधियों पर भी शिकंजा कसा गया। अमन विहार, प्रेम नगर, बुध विहार समेत कई थानों की पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और बीसी को पकड़ा। केएन कटजू मार्ग से पकड़ा गया विपिन उर्फ लाला उर्फ पंकज घोषित अपराधी भी है। एसटीएफ की कार्रवाई में राहुल सहरावत से तीन आधुनिक पिस्तौल, दो देशी पिस्तौल, 18 कारतूस और तीन मैगजीन बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार, वह नीरज बवाना और नवीन बाली गिरोह का सक्रिय सदस्य है। पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत, इनके इस्तेमाल और आरोपितों के अन्य आपराधिक मामलों में शामिल होने की जांच कर रही है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी