home page

लूट का विरोध करने पर फैक्टरी कर्मी की चाकू मारकर हत्या, तीन नाबालिग दबोचे

 | 

नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। रोहिणी जिले के बेगमपुर इलाके में लूटपाट के दौरान 60 वर्षीय फैक्ट्री कर्मी की चाकू मारकर हत्या करने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन नाबालिगों को पकड़ लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दो चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि 23 जून को बेगमपुर थाने में पीसीआर कॉल मिली थी कि पंसाली रोड पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है और उसके मुंह से खून निकल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया जा चुका था। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में मृतक की पहचान शाहबाद डेयरी निवासी राजेश के रूप में हुई। वह प्रताप विहार स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करता था। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान बेगमपुर थाना और रोहिणी स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीमों ने मृतक की गतिविधियों का पता लगाया और उसके कार्यस्थल से लेकर घटनास्थल तक की पूरी कड़ी खंगाली। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी निगरानी के जरिए संदिग्धों की पहचान की। जांच में तीन नाबालिगों की भूमिका सामने आई, जिनकी गतिविधियां वारदात के समय घटनास्थल के आसपास पाई गईं। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपराध में शामिल होने की बात कबूल कर ली।

पुलिस जांच में पता चला कि तीनों नाबालिग लूटपाट की नीयत से घटनास्थल के आसपास घूम रहे थे। इसी दौरान उन्होंने साइकिल से जा रहे राजेश को रोक लिया। एक आरोपित ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया, जबकि बाकी दो ने उसे पकड़ लिया। विरोध करने पर मुख्य आरोपित ने राजेश पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपितों ने उसकी तलाशी ली और पैंट की जेब में रखे 4,080 रुपये निकालकर फरार हो गए। बाद में लूटी गई रकम तीनों ने आपस में बांट ली। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दो चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी