हाईवे पर ट्रक चालक को चाकू मारकर लूट, मोबाइल-पर्स छीना, उदयपुर रेफर
चित्तौड़गढ़, 03 मई (हि.स.)। जिले में चित्तौड़गढ़ मंगलवाड़ सिक्सलेन पर भदेसर थाना क्षेत्र में सुखवाड़ा गांव के पास देर रात बदमाशों ने ट्रक चालक पर चाकू से हमला कर मोबाइल और पर्स लूट लिया। घायल चालक को गंभीर हालत में चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय से उदयपुर रेफर किया गया है। घायल चालक के बयान दर्ज करने के लिए भदेसर थाने की टीम को उदयपुर भेजा है।
भदेसर थानाधिकारी विनोद मेनारिया ने बताया कि यह वारदात शनिवार देर रात की है। यहां हाइवे पर सुखवाड़ा पुलिया के आगे होटल सहयोग के सामने की है। ट्रक चालक ईश्वर लाल निवासी पलोदरा, उदयपुर से ट्रक लेकर कोटा जा रहा था। हाईवे पर होटल के सामने ट्रक खराब हो गया। चालक होटल पर खाना खाने आया और वापस ट्रक के पास गया। तभी बाइक पर सवार 2-3 बदमाश आए और चालक पर चाकू से 4-5 वार कर दिए। मोबाइल व पर्स लूट कर फरार हो गए। इधर, मारपीट एवं चिल्लाने की आवाज सुन कर होटल के गार्ड ने मालिक अकरम अली को सूचना दी। इस पर होटल मालिक अकरम अली व अन्य स्टाफ मौके की तरफ दौड़ा, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। घायल चालक पास ही टाटा शोरूम की तरफ आ गया। बाद में होटल संचालक की सूचना पर भदेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाने से तंवर सिंह झाला जाब्ते के साथ घटनास्थल पर आए। घायल को 108 एंबुलेंस से चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है। भदेसर थानाधिकारी ने बताया कि घायल चालक के बयान दर्ज करने को लेकर एक टीम रविवार को उदयपुर भेजी है। घायल चालक के बयानों के आधार पर पुलिस जांच करेगी। हाईवे पर विभिन्न स्थानों पर लगे सीसी टीवी कैमरे भी पुलिस खंगाल रही है अज्ञात बदमाशों की मारपीट एवं नकदी छीनने के मामले में तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

