home page

कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: लूट का मामला सुलझा, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: लूट का मामला सुलझा, दो आरोपित गिरफ्तार


कोरबा, 27 मार्च (हि. स.)। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सदर कोरबा अभियान” के तहत कोरबा पुलिस ने आज लूट के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और नगदी भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली क्षेत्र के चौकी मानिकपुर में हुई लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी योगेश कुमार कंवट 25 मार्च को मानिकपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर आया था। 26 मार्च की देर रात करीब 2 बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी मानिकपुर बाजार के पास कुछ अज्ञात आरोपियों ने उसे रोककर मारपीट की और उसकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल व 2000 रुपये नगद लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित:

- फैजल अहमद अंसारी उर्फ अमन, निवासी मानिकपुर

- विजय चौहान, निवासी मानिकपुर

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 11 AB 8037) और नगदी राशि बरामद की है। बरामद सामान को गवाहों की उपस्थिति में जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वहीं, कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा – सदर कोरबा अभियान” के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी