केलो डेम के पास युवक-युवती से लूटपाट करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल
रायगढ़ , 14 अक्टूबर (हि.स.)।केलो डेम के पास घूमने गए युवक-युवती से मारपीट कर मोबाइल और नगदी लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर आज रिमांड पर भेज दिया है। आरोपितों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस फरार आरोपित की पतासाजी में जुटी हुई है।
घटना के संबंध में प्रार्थी सानू सारथी पिता सोहन सारथी, उम्र 22 वर्ष, निवासी जोगीडीपा, रायगढ़ ने दिनांक 12 अक्टूबर को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी एक महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था। शाम करीब 7:30 बजे जब दोनों वापस लौटने के लिए निकल रहे थे, तभी 3-4 अज्ञात युवक वहां पहुंचे और युवती को लेकर वहां घूमने पर सवाल करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपितों ने प्रार्थी की जेब में रखे 1,500 रुपये, आईफोन 12 मिनी मोबाइल और उसकी महिला मित्र का मोटोरोला कंपनी का मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद आरोपित बुलेट मोटरसाइकिल की चाबी भी कहीं फेंककर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 597/2026, धारा 115(2), 309(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा सीएसपी राहुल उईके तथा कोतवाली पुलिस को शीघ्र आरोपितों की पतासाजी का निर्देश दिया गया । थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी ने एएसआई कोसो सिंह जगत एवं पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रार्थी, पीड़ित और गवाहों से पूछताछ कर आरोपितों के हुलिए की जानकारी जुटाई और संदिग्धों की पतासाजी शुरू की। त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सोहेल अंसारी पिता मोहम्मद खुर्शीद अंसारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर, रायगढ़ तथा रणवीर कुमार पिता मिथलेस भगत, उम्र 22 वर्ष, निवासी चेहराकला, थाना महुवा, जिला वैशाली (बिहार), हाल मुकाम उर्दना डीपापारा, रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रार्थी से आरोपितों की पहचान संबंधी कार्रवाई कराई गई। आरोपितों ने मेमोरेंडम पर लूटे गए मोबाइल और नगदी रकम को फरार साथी के पास होना बताये हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

