48 घंटे में लूट का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 7 जुलाई (हि. स.)। डी.डी. नगर थाना पुलिस ने लूट और झपटमारी की वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई चांदी की चेन, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। पूछताछ में आरोपितों ने एक अन्य लूट की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई की शाम चंगोराभाठा बाजार स्थित बाबा चौक के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसके गले से चांदी की चेन और मोबाइल लूट लिया था। मामले में डी.डी. नगर थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चंगोराभाठा निवासी रजत सेन उर्फ हर्ष (19) और लक्की ध्रुव (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने लूट की वारदात कबूल कर ली।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, चांदी की चेन, एक रेडमी मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा बरामद कर ली। जांच में रेडमी मोबाइल भी डी.डी. नगर थाना के एक अन्य लूट के मामले से संबंधित पाया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

