home page

जांजगीर-चांपा में डकैती की साजिश नाकाम, पांच आरोपित हथियारों के साथ गिरफ्तार

 | 
जांजगीर-चांपा में डकैती की साजिश नाकाम, पांच आरोपित हथियारों के साथ गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 13 अगस्त (हि. स.)। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले डकैती की साजिश रच रहे पांच आरोपिताें को आज गुरुवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से दो मोटरसाइकिल समेत डकैती में इस्तेमाल किए जाने वाले घातक हथियार बरामद किए हैं।

आरोपित करही स्थित सत्या मेडिकल एवं किराना दुकान में डकैती डालने की योजना बना रहे थे।

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 की दरमियानी रात बिर्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, किकिरदा जाने वाले रास्ते पर देशी-विदेशी शराब दुकान रोड के पास दो मोटरसाइकिलों में पांच संदिग्ध व्यक्ति हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस ने तत्काल टीम रवाना कर इलाके की घेराबंदी की।

पुलिस टीम ने मौके से पांचों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपिताें ने करही स्थित सत्या मेडिकल एवं किराना दुकान में डकैती करने की योजना बनाना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार और दो मोटरसाइकिल बरामद कीं।

पुलिस ने आरोपिताें के पास से दो मोटरसाइकिल, दो लोहे के पैरा/कटिया नुमा हथियार, एक एयर गन और चार लोहे की कुदाली बरामद की हैं। समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी होने से डकैती की संभावित वारदात टल गई।

मामले में थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 104/2026 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपिताें के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) और 310(5) के तहत कार्रवाई करते हुए सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान राजकुमार कर्ष (28), निवासी मुड़पार थाना शिवरीनारायण, जितेंद्र साहू (29), निवासी कनसदा थाना शिवरीनारायण, राजेंद्र उर्फ राजा साहू (33), निवासी करही थाना बिर्रा, रंजीत साहू (27), निवासी तुस्मा थाना शिवरीनारायण और भीम साथी (27), निवासी शिवरीनारायण के रूप में हुई है।

यह पूरी कार्रवाई जांजगीर-चांपा एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और एएसपी जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस के मुताबिक, रात्रि गश्त की निगरानी और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपिताें को वारदात से पहले पकड़ने में सफलता हासिल की।

कार्रवाई में थाना प्रभारी बिर्रा राजीव श्रीवास्तव, साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा एवं उनकी टीम, पुलिस सहायता करही प्रभारी एएसआई राम प्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र टंडन, आरक्षक अर्जुन यादव सहित बिर्रा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT