home page

बदमाशों ने वाहन सवार ग्रामीणों से नकदी व जेवरात लूटे, पुलिस जांच में जुटी

 | 
बदमाशों ने वाहन सवार ग्रामीणों से नकदी व जेवरात लूटे, पुलिस जांच में जुटी


बहराइच, 24 अप्रैल (हि.स.)। नानपारा थाना क्षेत्र के ककरी मार्ग के निकट बदमाशों ने चार पहिया वाहन रोककर ग्रामीणों से लूटपाट की। बदमाशों ने वाहन से लगभग 16 हजार रुपये नकद, जेवरात में बालियां और मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए।

प्राप्त सूचना के अनुसार ग्रामीण खैरीघाट थाना क्षेत्र अन्तर्गत रायगंज वापस जा रहे थे अभी वह लाेग नानपारा थाना क्षेत्र के ककरी मार्ग पर पहुंचे थे कि भट्ठे के खेत में छिपे बदमाशों ने उनके चार पहिया वाहन के सामने लकड़ी की मोटी गांठ फेंक कर वाहन रोक लिया। वाहन चालक नरेन्द्र ने जैसे ही वाहन रोका, बदमाशों ने वाहन सवार ग्रामीणों पर हमला बोल दिया।

लूट की घटना में शिकार तिलकराम, जगरना, दिलीप कुमार, आरती देवी एवं बसंती शामिल हैं। बदमाशों ने पीड़ितों से मंगलसूत्र, बालियां और लगभग 16 हजार रुपये की नकदी छीन ली।

वारदात की सूचना डायल 112 को दी गई। डायल 112 की टीम मौके पर पहुँची। टीम ने घायलों को उपचार हेतु सीएचसी नानपारा में एडमिट कराया है जहां उनका उपचार चल रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA