वृद्ध से 9.90 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी, सीकर से एक अभियुक्त गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 07 जुलाई (हि.स.)। पुलिस थाना कपासन ने साइबर अपराध के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 80 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक के बैंक खाते से सिम कार्ड एवं ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से 9 लाख 90 हजार 832 रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपित को जिला सीकर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्रसिंह ने बताया कि 25 जून 2026 को सरकारी सेवा से रिटायर्ड 80 साल के वरिष्ठ नागरिक रामचन्द्र पुत्र भगवान लाल जाति शर्मा निवासी ताराखेडी ने पुलिस थाना कपासन पर रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसका बैंक खाता एसबीआई बैंक ब्रांच कपासन में है और एक मोबाइल नम्बर लिंक था। खाता चैक करने पर उसमें से 9,90,832 रुपये कम मिले। बैंक से पता करने पर पता चला कि उक्त बैंक खाते में नए एटीएम कार्ड जारी हो गए और एटीएम एवं ऑनलाइन बैंकिंग का इस्तेमाल करते हुए उक्त राशि निकाली गई व अन्य खातों में स्थानान्तरित की गई। रिपोर्ट में प्रार्थी ने एसबीआई बैंक के मैनेजर एवं पोस्टमैन की भूमिका भी संदिग्ध बताई। साथ ही प्रार्थी के आवेदन के बिना ही एटीएम कार्ड व ऑनलाइन बैंकिंग बैंक द्वारा चालू करना और एटीएम को प्रार्थी को देने के बजाय अज्ञात व्यक्ति को डिलीवर किया जाना बताया। रिपोर्ट प्राप्त होने पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान थानाधिकारी सुनील शर्मा द्वारा किया जा रहा है। मामले में थानाधिकारी सुनील शर्मा ने त्वरित एक्शन लेते हुए एएसआई उदयलाल, कांस्टेबल देवीलाल, राजेश कुमार, नीरज की विशेष टीम गठित की। टीम ने आरोपित को तत्काल चिन्हित किया। अनुसंधान करते हुए सिम धारक रितेश पुत्र राजेन्द्र प्रसाद सैनी निवासी गोवर्धनपुरा पुलिस थाना सदर खाटूश्यामजी जिला सीकर को को गिरफ्तार किया गया। उक्त आरोपित से अनुसंधान किया जा रहा है। अभी तक के अनुसंधान में इस मामले में पैसे की ठगी करने वाली गैंग में और अधिक व्यक्तियों के शामिल होने के संकेत मिले हैं। निकट भविष्य में घटना में शामिल समस्त अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना का पूर्ण खुलासा किया जाएगा। प्रकरण में बैंक मैनेजर व पोस्टमैन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

