मवेशी व्यापारी से 3.60 लाख की लूट का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
किशनगंज, 05 जुलाई (हि.स.)। कोचाधामन थाना क्षेत्र में मवेशी व्यापारी से हुई 3.60 लाख रुपये की लूटकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा लूटी गई राशि में से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष राशि व मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
रविवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि 23 जून की रात करीब 10:15 बजे छत्तरगाछ निवासी मवेशी व्यापारी हुसैन अपने चालक के साथ पिकअप वैन से सीतामढ़ी मवेशी खरीदने जा रहे थे।
इसी दौरान कोचाधामन थाना क्षेत्र के एनएच-327ई स्थित शीतलनगर के समीप दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने 3 लाख 60 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के संबंध में 24 जून को कोचाधामन थाना में कांड संख्या 344/26 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम में अंचल पुलिस निरीक्षक सदर, जिला आसूचना इकाई, कोचाधामन थानाध्यक्ष इजहार आलम, डीआईओ प्रभारी मोहम्मद मुश्ताक सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर विशेष टीम ने 4 जुलाई को अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के सैठाबाड़ी निवासी परवेज आलम (42), मोहम्मद अजमल (40), वाहिद (32) तथा वसीम रज्जा उर्फ प्यारे (25) के रूप में हुई है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और लूट की राशि में से 10 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, शेष लूटी गई रकम और मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

