home page

कार सवार लुटेरों ने सर्राफ़ा व्यापारी से लाखों के जेवर लूटे

 | 
कार सवार लुटेरों ने सर्राफ़ा व्यापारी से लाखों के जेवर लूटे


रायबरेली, 26सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली ज़िले में सर्राफा व्यापारी को लाठी-डंडों से पीट कर कार सवार लुटेरों ने लाखों के ज़ेवर लूट लिए। हमले में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ज़िले के बछरावां थाना क्षेत्र के ओम नगर निवासी ऋषि सोनी पुत्र अशोक कुमार सोनी शिवगढ़ थाना क्षेत्र के असहन जगतपुर में अपनी सर्राफा की दुकान चलाता है। शनिवार को वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। क़रीब आठ बजे व्यापारी बांदा-बहराइच मार्ग पर जिलेदार गेस्ट हाउस के पास जैसे ही पहुंचा। स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर आए चार बदमाशों ने व्यापारी की बाइक को रोका। विरोध करने पर बदमाशों ने लाठी-डंडों से व्यापारी की बेरहमी से पिटाई की और जेवर छीनकर फरार हो गए।बदमाशों ने व्यापारी से करीब 1 किलो चांदी और 15 ग्राम सोना लूट लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है। थाना अध्यक्ष श्यामलाल पाल के मुताबिक, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे