असम के बिहाली में सनसनीखेज डकैती
बिश्वनाथ (असम), 02 अप्रैल (हि.स.)। असम में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्रधानमंत्री के आगमन के दिन ही बिहाली क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज डकैती की घटना घटी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। यह घटना बिहाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बरगांग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 15 के किनारे हुई, जहां बदमाशों ने सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांच सदस्यीय डकैतों के एक गिरोह ने फिल्मी अंदाज में इस वारदात को अंजाम दिया। मिलनपुर स्थित अपने घर जा रहे दामिनी ज्वेलर्स के मालिक को निशाना बनाते हुए बदमाश बाइक से पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपितों ने अपने साथ लाए पिस्तौल से हवा में फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि इस डकैती में शामिल आरोपितों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

